Saturday, May 10, 2025

Top 5 This Week

Related Posts

दीवार गिरने से भाई-बहन सहित तीन मासूमों की मौत

नोएडा । थाना सूरजपुर क्षेत्र के गांव खोदना कलां में शुक्रवार की रात एक निर्माणाधीन मकान की दीवार गिरने से वहां खेल रहे मासूम भाई बहन सहित तीन बच्चों की  दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में अहद(4) उसकी बहन अलफिजा (2) और आदिल (8) शामिल हैं। हादसे में पांच अन्य बच्चे घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह बच्चे दो दिन पहले ही अपने नाना-नानी के यहां पर छुट्टियां मनाने आए थे। घटना के बाद क्षेत्र में कोहराम मच गया। पुलिस और बचाव दल के लोग मौैके पर पहुंचे।

पांच बच्चे अस्पताल में भर्ती हैं। उनकी  हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। माना जा रहा है कि शुक्रवार की सुबह हुई बरसात के बाद हादसा हुआ है। मौके पर मौजूद फायर ब्रिगेड कर्मी और बचाव दल मलबे को हटा रहा है। मौके पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।  खोदना कला निवासी सगीर भंगेल में जनरल स्टोर चलाता है। गांव में ही सगीर मकान का निर्माण करा रहा है। दो दिन पहले सगीर की बेटियां दिल्ली में रहने वाली शबनम और दादरी के लुहारली में रहने वाली निसार अपने बच्चों सहित मायके आई थीं।

मृतक बच्चों में शबनम का बेटा अहद और बेटी अलफिजा शामिल हैं। शुक्रवार की रात को सगीर के परिवार के सभी बच्चे निर्माणाधीन मकान के पास ही खेल रहे थे। इसी दौरान करीब सात बजे दूसरी मंजिल की छत और दीवार गिर गई। इसके मलवे में करीब आठ बच्चे दब गए। हादसे के बाद सभी बच्चों को पास के ही निजी अस्पताल ले जाया गया। यहां पर तीन बच्चे आहद, अलफिजा और आदिल को डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

हादसे में घायल बच्चों में  आयशा (16),  हुसैन (5), सोहना (12), वासील (11), समीर (15) शमिल हैं। हादसे के बाद मौके पर  पुलिस बल तैनात है। डीसीपी सेंट्रल सुनीति ने बताया कि सगीर नाम के व्यक्ति का मकान बन रहा था। इस मकान की छत भी गिरी और दीवार भी गिरी। यहां पर दो घंटे पहले बारिश हुई थी। संभावना है कि इसी वजह से हादसा हुआ हो। सभी घायलों की हालत खतरे से बाहर है। 

Popular Articles