Wednesday, April 23, 2025

Top 5 This Week

Related Posts

BREAKING NEWS: बिजली गिरने से 7 लोगों की मौत

जबलपुर। मानसून सक्रिय होने के साथ ही अलग-अलग स्थानों पर छह मौसम प्रणालियां भी सक्रिय हैं। इस वजह से प्रदेश में रुक-रुक कर वर्षा होने का सिलसिला जारी है। इसी क्रम में शनिवार सुबह साढ़े आठ बजे से शाम साढ़े 5 बजे तक धार में 27, सिवनी में 12, मलाजखंड एवं सतना में 7, नौगांव में 6, सीधी एवं उमरिया में पांच, सागर में चार, पचमढ़ी में तीन, खरगोन में दो, छिंदवाड़ा में एक और इंदौर में 0.1 मिलीमीटर वर्षा हुई। भोपाल में शाम ढलने के बाद रुक-रुक कर वर्षा होने का सिलसिला शुरू हो गया था। प्रदेश में सबसे अधिक 41 डिग्री सेल्सियस तापमान शिवपुरी में दर्ज किया गया। शेष सभी जिलों में दिन का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से कम रहा। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, पूरे प्रदेश में रुक-रुक कर वर्षा होने की संभावना बनी हुई है। विशेषकर भोपाल, नर्मदापुरम, जबलपुर, शहडोल, इंदौर एवं उज्जैन संभाग के जिलों में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने के आसार हैं। इस दौरान इंदौर, उज्जैन में कहीं-कहीं झमाझम वर्षा भी हो सकती है।

मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक, वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ जम्मू के आसपास द्रोणिका के रूप में बना हुआ है। उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश पर हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात बना हुआ है। इस चक्रवात से लेकर मणिपुर तक एक द्रोणिका बनी हुई है। दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान और उससे लगे पाकिस्तान पर भी हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात बना हुआ है।

ओडिशा और उससे लगे छत्तीसगढ़ पर हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात है। इसके अतिरिक्त महाराष्ट्र से लेकर केरल तक एक द्रोणिका बनी हुई है। मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि अलग-अलग स्थानों पर बनी इन मौसम प्रणालियों के प्रभाव से मध्य प्रदेश के अधिकतर जिलों में रुक-रुक कर वर्षा का सिलसिला बना हुआ है।बादल बने रहने एवं बौछारें पड़ने के कारण तपिश से राहत मिल गई है। हालांकि वातावरण में नमी रहने के कारण उमस बढ़ गई है। रविवार को भोपाल, नर्मदापुरम, जबलपुर, शहडोल, इंदौर एवं उज्जैन संभाग के जिलों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ तेज बौछारें पड़ने के भी आसार हैं।

मानसूनी वर्षा के दौरान तेज कड़क के साथ गिरी आकाशीय बिजली की चपेट में आने से विंध्य-महाकोशल में 7 लोगों की मौत हो गई। डिंडौरी जिले के करंजिया थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चौरादादर में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से महिला व उसके 2 बच्चों की मौत हो गई।पुलिस ने बताया कि वर्षा के दौरान शुक्रवार की दोपहर घर पर आकाशीय बिजली गिरी, जिससे रूतन बाई , वर्षा मार्को व वरजीत मार्को की मौत हुई है। जबकि सतना में अलग-अलग स्थानों पर चार लोगों की मौत हो गई और पांच लोग झुलस गए हैं।

सतना शहर के कोलगवां थाना अंतर्गत कृष्णा नगर स्थित मकान की पुताई कर रहे मजदूर अंबुज कोल की मौत हो गई। मझगवां थाना क्षेत्र के गौहानी में कुसुमा सिंह, हिरौंदी में चंपा सिंह व प्रमोद सिंह की मौत भी आकाशीय बिजली की चपेट में आने से हो गई।

Popular Articles