

भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, दक्षिण पश्चिम मानसून अपनी सामान्य गति से आगे बढ़ रहा है। अब तक केरल और इससे सटे दक्षिण भारतीय राज्यों को कवर करने के बाद ओडिशा, महाराष्ट्र, बिहार, छत्तीसगढ़ में मानसून की एंट्री हो चुकी है। मध्य प्रदेश, गुजरात और राजस्थान में मानसून का इंतजार है। इस बीच, दिल्ली, यूपी समेत उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में एक बार फिर भीषण गर्मी और लू का दौर जारी है। मौसम विभाग के अनुसार, मानसून की आमद के साथ ही यहां लोगों को राहत मिलेगी।
भोपाल स्थित मौसम विभाग का अनुमान है कि मध्य प्रदेश में 18 जून को मानसून का आगमन हो सकता है। इससे पहले इंदौर, भोपाल और आसपास के जिलों में प्री-मानसून बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
स्कायमेट वेदर की रिपोर्ट के अनुसार, उत्तर प्रदेश में 18 जून से पहले चिलचिलाती गर्मी से राहत की उम्मीद नहीं है। 18 जून से मौसम में बदलाव की संभावना है। पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार के आस-पास के क्षेत्रों में बारिश की शुरुआत होने की उम्मीद है।इसी तरह, आईएमडी ने पश्चिमी झारखंड, दक्षिणी उत्तर प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब और उत्तरी राजस्थान के कुछ हिस्सों में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और लू चलने का पूर्वानुमान लगाया है। इस दौरान अधिकतम तापमान 45-47 डिग्री सेल्सियस रहेगा।
आईएमडी के अनुसार, आने वाले 4-5 दिनों में महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, ओडिशा, तटीय आंध्र प्रदेश और उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों के साथ ही पश्चिम बंगाल और बिहार में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने और बारिश जारी रहने का अनुमान है।